स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां जहांं तेजी से जारी है। वहीं इस मौके पर  कई अधिकारियों, कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।  इनमें उत्तराखंड के पुलिस उपनिरीक्षक भगवान सिंह महर का नाम भी शामिल है। उन्हें केंद्रीय गृहमंत्री पदक से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें यह पदक गृह मंत्रालय, भारत सरकार के मेडल फॉर एक्सीलेंस इन इन्वेस्टिगेशन कैटेगरी में दिया जाएगा। आइए जानते है उन्हें ये सम्मान क्यों मिलेगा।

मिली जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक भगवान सिंह महर को यह सम्मान ऑनर किलिंग करने वालों को मृत्युदंड दिलाने के लिए दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी बहन की हत्या करने वालों को सजा दिलाई  थी। मामला 18 मई 2018 का है। जब हरिद्वार के खानपुर में स्वजनों के विरुद्ध जाकर शादी करने के पर दो सगे भाईयों कुलदीप व अरूण और ममेरे भाई राहुल ने अपनी बहन प्रीति की मामा के घर ग्राम अवधिपुर जाकर कुल्हाड़ी व फावड़े से काटकर नृशंस हत्या कर दी थी। मामले में मृतका के पति बृजमोहन की तहरीर पर थाना खानपुर में अभियोग पंजीकृत कराया गया, जिसकी विवेचना तत्कालीन समय में थानाध्यक्ष खानपुर के पद पर तैनात उपनिरीक्षक भगवान सिंह महर द्वारा की गई थी।

बताया जा रहा है कि मामले की जांच के बाद उन्होंने एकत्र किए गए साक्ष्यों,  गवाहों, वैज्ञानिक साक्ष्य को कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट मे  उनकी ठोस पैरवी के अधार पर अभियुक्त कुलदीप, अरूण व राहुल को धारा 302 भादवि के रेयरेस्ट ऑफ रेयर श्रेणी के अपराध के लिए मृत्युदंड एवं अर्थदंड से दंडित किया गया था। अब उन्हें सम्मानित किया जाएगा। डीजीपी अशोक कुमार ने उपनिरीक्षक भगवान सिंह महर को उनकी इस  उपलब्धि के लिए बधाई दी है।

By admin